विकास टोली पर कांग्रेस के सवालों का धर्मेंद्र मिगलानी ने दिया जवाब, बोले—विकास में सहयोग भी विपक्ष का दायित्व
ग्लोबलज्ञान24News
छिंदवाड़ा। नगर पालिक निगम के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र मिगलानी ने भाजपा की विकास टोली के गठन पर कांग्रेस नेताओं द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि शहर के विकास में सहयोग करना भी विपक्ष का दायित्व है। विकास टोली का गठन शहर की जनता के सम्मान और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया गया है।
धर्मेंद्र मिगलानी ने कहा कि विकास टोली का उद्देश्य नगर निगम के कार्यों की समीक्षा करना, नागरिकों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना और पेयजल, स्वच्छता, सार्वजनिक कुओं की सफाई सहित मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने में सहयोग करना है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास टोली कोई समानांतर नगर निगम नहीं है और न ही महापौर की जिम्मेदारियों का विकल्प है। महापौर स्वयं इस टोली के सदस्य हैं। ऐसे में इसे महापौर के अपमान या उनकी शक्तियों को सीमित करने से जोड़ना उचित नहीं है।
मिगलानी ने कहा कि जनता को राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि स्वच्छ पेयजल, बेहतर सड़कें, नियमित सफाई और अच्छी प्रकाश व्यवस्था जैसी सुविधाएं चाहिए। विपक्ष को केवल सवाल उठाने के बजाय सकारात्मक सुझाव देकर शहर के विकास में सहयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका महत्वपूर्ण है, लेकिन जनहित के मुद्दों पर रचनात्मक दृष्टिकोण अपनाना भी जरूरी है। राजनीति चुनाव के समय हो सकती है, लेकिन जनता की सुविधाओं के मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए।
अंत में उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि हम सभी का शहर है। शहर का विकास सामूहिक जिम्मेदारी है और भाजपा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।










