Oplus_16908288

“वोट चोर गद्दी छोड़” के नारों से गूंजे चौरई-अमरवाड़ा, आज परासिया-जुन्नारदेव में होगा प्रदर्शन

छिंदवाड़ा। चौरई और अमरवाड़ा में शनिवार को कांग्रेस के “वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान के तहत माहौल पूरी तरह गरमा गया। युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आक्रामक रुख अपनाते हुए भाजपा सरकार व चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। जगह-जगह “वोट चोर गद्दी छोड़” के नारे गूंजे और चुनाव आयोग का पुतला फूंका गया।

जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष गोलू पटेल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भाजपा ने वोट चोरी कर लोकतंत्र की हत्या की है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग जानबूझकर इस साजिश में शामिल है और भाजपा के इशारों पर काम कर रहा है। पटेल ने कहा कि लोकतंत्र बचाने की लड़ाई में युवक कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी।

युवक कांग्रेस प्रभारी एकलव्य यहाके ने कहा कि चुनाव आयोग वोटर लिस्ट से नाम काटकर और पोलिंग बूथ के सीसीटीवी रिकॉर्ड डिलीट कराना चाहता है। यह जनमत की हत्या है और इसे किसी भी कीमत पर होने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आयोग वोट चोरों को संरक्षण दे रहा है, लेकिन कांग्रेस सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेगी।

पुतला दहन और जबरदस्त नारेबाजी

अमरवाड़ा व चौरई में हुए जनजागरण अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारे लगाए। दोनों जगह कांग्रेसजनों ने अलग-अलग चुनाव आयोग का पुतला फूंका और वोट चोरी के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।

अगला पड़ाव परासिया और जुन्नारदेव

युवक कांग्रेस ने घोषणा की है कि आज 20 सितंबर (शनिवार) को दोपहर 12 बजे परासिया और दोपहर 3 बजे जुन्नारदेव में “वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान के तहत विशाल धरना-प्रदर्शन होगा और चुनाव आयोग का पुतला दहन किया जाएगा। वहीं, कल 21 सितंबर (रविवार) को दोपहर 2 बजे छिंदवाड़ा में भी इसी अभियान के तहत जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा।

इस दौरान विधानसभा प्रभारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, क्षेत्रीय पदाधिकारियों समेत कांग्रेस के सभी प्रकोष्ठों व संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।