छिंदवाड़ा, ग्लोबलज्ञान24।
रविवार को छिंदवाड़ा में सियासी पारा चरम पर रहा, जब भाजपा और कांग्रेस के बीच पुतला दहन को लेकर जबरदस्त टकराव देखने को मिला। पोला ग्राउंड में जुटे भाजपा कार्यकर्ता संख्या बल में ज्यादा थे, वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता भी अपने नेताओं के साथ पहले से ही कांग्रेस कार्यालय के पास मोर्चा संभाले हुए थे।
नारेबाजी के बीच माहौल गरमाने लगा, तभी प्रशासन और पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान कांग्रेस नेता और शहर के थाना प्रभारी के बीच तीखी बहस हो गई। कांग्रेस नेता ने गुस्से में थाना प्रभारी को खरी-खोटी सुनाते हुए कहा, “पहले अपना थाना संभालिए, फिर हमें सीख देने आइए!”
पुलिस ने संयम दिखाते हुए स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन माहौल में तल्खी कम नहीं हुई। दोनों पक्षों के बीच खींचतान और धक्का-मुक्की के बीच पुतला दहन और नारेबाजी जारी रही।
हालांकि पुलिस बल की सक्रियता के कारण स्थिति बेकाबू नहीं हुई, लेकिन पूरे घटनाक्रम ने शहर के राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है।










