अवैध कॉलोनियों पर चला प्रशासन का बुलडोजर, चार दलों ने सड़क नाली सहित सभी निर्माण तोड़े
ग्लोबल ज्ञान 24 छिंदवाड़ा– कलेक्टर शीलेंद्र सिंह के निर्देश पर नगरनिगम अमला इन दिनों शहर में लगातार कार्यवाही कर रहा है। अवैध निर्माण के फैले मायाजाल मैं भोले भाले नागरिक आ जाते है शहर में भवनों के बेसमेंट के कमर्शियल उपयोग पर दुकानों को सील किया जा रहा है तो वही दूसरी तरफ शनिवार को कलेक्टर के आदेश पर जिला प्रशासन के राजस्व दल एवं नगर निगम अमले ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शहर में विकसित हो रही अवैध कॉलोनियों पर ताबड़ तोड़ एक्शन के साथ सख्त कार्यवाही की। इस कार्यवाही के लिए आला अधिकारियों के नेतृत्व में चार अलग अलग दलों का गठन किया गया था। इन दलों ने शहर के विभिन्न हिस्सों में बन रही अवैध कालोनियों की संरचनाओं को पूरी तरह से तोड़ते हुए ध्वस्त कर दिया। इस दौरान झंडा, खजरी एवं जामुनझिरी की 6, कुसमैली कबाड़िया की 1, लोनिया करबल, परतला एवं पोआमा की 3, इमलीखेड़ा एवं चन्दनगांव की 7 कालोनियां शामिल रही जिनपर प्रशासन का बुलडोजर चला। कार्यवाही के दौरान निगम के भारी भरकम अमले ने शहर में विकसित हो रही अवैध कालोनियों के सीमेंट से बने प्रवेश द्वार, पक्की सड़क एवं नाली की संरचनाओं को 7 जेसीबी एवं 2 पोकलैंड मशीनों की सहायता से ध्वस्त कर हटाया। जिला कलेक्टर के निर्देश पर यह कार्यवाही आगे भी सतत रूप से जारी रहेगी। शनिवार को सुबह से प्रारंभ हुई कार्यवाही पर कलेक्टर स्वयं सीधी नजर रखे हुए थे। वही अतिरिक्त कलेक्टर के सी बोपचे, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुधीर जैन, नगर निगम कमिश्नर सीपी राय, कार्यपालन यंत्री नगर निगम ईश्वर चंदेली सहित तसीलदार, कोतवाली थाना प्रभारी दल बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।











