GLOBALGYAAN24News छिन्दवाड़ा

जोहार छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल द्वारा सिंधी समाज के पूजनीय ईष्टदेव भगवान झूलेलाल जी तथा समुदाय के विरुद्ध की गई अत्यंत अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणियों ने पूरे राज्य में आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। सिंधी समुदाय की विभिन्न सामाजिक इकाइयों ने इस मामले में कठोरतम कार्रवाई की मांग करते हुए राज्यपाल महोदय को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा है, जिसमें बघेल के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई करने की अपील की गई है।

क्या है पूरा मामला?

हाल ही में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़े जाने की घटना के बाद, रायपुर में पत्रकार वार्ता के दौरान जोहार छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल ने विवादित बयान दिया। उन्होंने न केवल सिंधी समाज के पूज्यनीय इष्टदेव भगवान झूलेलाल जी और अग्रवाल समाज के इष्टदेव महाराजा अग्रसेन पर अभद्र टिप्पणियां कीं, बल्कि सिंधी समुदाय को ‘पाकिस्तानी’ कहकर संबोधित किया। इस टिप्पणी से सिंधी समाज की धार्मिक आस्था, राष्ट्रीय भावना और सामाजिक प्रतिष्ठा को गंभीर ठेस पहुंची है।

समाज में भारी आक्रोश और ज्ञापन की मुख्य मांगें

सिंधी समाज ने इस कृत्य को सस्ती लोकप्रियता हासिल करने की दुर्भावना से प्रेरित बताया है। समाज के प्रतिनिधियों ने राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया है कि सिंधी समुदाय हमेशा से शांति, सौहार्द्र और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक रहा है, लेकिन इस टिप्पणी से उनकी भारतीयता पर असहज, अस्वीकार्य और पीड़ादायी आघात पहुँचाया गया है।

ज्ञापन में राज्यपाल से आग्रह किया गया है कि स्थानीय शासन और प्रशासन को तत्काल निर्देश दिए जाएं:

  • IPC की धारा 153A (विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देना) और 295A (धार्मिक भावनाओं को आहत करने के इरादे से किया गया दुर्भावनापूर्ण कार्य) के तहत अपराध कायम किया जाए।
  • अमित बघेल के पूर्व आपराधिक इतिहास को देखते हुए, जो विभिन्न समुदायों के मध्य जहर घोलकर सामाजिक माहौल बिगाड़ने का आदतन अपराधी बन चुका है, उसके विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत भी प्रभावी कार्रवाई की जाए।
    उग्र आंदोलन की चेतावनी

ज्ञापन में यह चेतावनी भी दी गई है कि सिंधी समुदाय का संविधान और कानून पर पूर्ण विश्वास है, किंतु इस प्रकार के असामाजिक तत्व के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई न होने पर पूरा समुदाय स्वयं को असहाय महसूस कर रहा है और न्याय प्राप्त करने के लिए उग्र आंदोलन की दिशा में बढ़ने को विवश हो सकता है।
फिलहाल, पुलिस ने अग्रवाल समाज के प्रमुख की शिकायत पर अमित बघेल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन सिंधी समाज की मांग है कि अपराध की गंभीरता को देखते हुए NSA जैसी सख्त धाराएँ जोड़ी जाएं और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी हो।

https://www.instagram.com/reel/DQi7B7gEsqG/?igsh=b25xM2FuMTltZ3p2